Himdhaara Search This Blog

Showing posts with label खेल मैदान. Show all posts
Showing posts with label खेल मैदान. Show all posts

Tuesday, 7 January 2025

अठारह सोलर लाइटों से जल्द जगमगाएगा जोगिंदर नगर का खेल मैदान

खेल मैदान के सुदृढ़ीकरण पर व्यय हो रहे 34 लाख रूपये, खिलाडिय़ों को मिलेगी बेहतरीन सुविधाएं

प्रदेश की सुख की सरकार ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण को निरंतर दे रही मजबूती


जोगिंदर नगर का खेल मैदान जल्द ही 18 सोलर लाइटों से जगमगाने वाला है। इन सोलर लाइटों के स्थापित हो जाने से जहां खिलाडिय़ों को देर रात्रि तक अपना अभ्यास करने में सुविधा प्राप्त होगी तो वहीं अब युवा अधिक समय खेल मैदान में व्यतीत कर पाएंगे। साथ ही खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए चारों ओर ऑर्नामेंटल (सजावटी) रेलिंग भी लगाई जा रही है, जिससे खेल मैदान की खूबसूरती में ओर वृद्धि होगी तथा यह मैदान बेसहारा पशुओं एवं कुत्तों इत्यादि से भी सुरक्षित होगा।
जोगिंदर नगर के खेल मैदान के विकास पर प्रदेश सरकार 34 लाख रुपये व्यय कर रही है। जिसमें बाउंड्री वॉल, ऑर्नामेंटल ग्रिल तथा सोलर लाइट इत्यादि कार्य किये जा रहे हैं। वर्तमान में लगभग 60 प्रतिशत तक यह कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इस तरह आने वाले समय इस मैदान पर जहां खिलाडिय़ों को ओर बेहतरीन खेल सुविधाएं सुनिश्चित होंगी तो वहीं विभिन्न खेल गतिविधियों को भी बल मिलेगा। साथ ही हमारे बच्चे व युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से भी स्वयं का दूर रखने में सफल होंगे।
जोगिंदर नगर शहर का यह इकलौता खेल मैदान है जहां पर विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इस खेल मैदान में न केवल जोगिन्दर नगर शहरी क्षेत्र बल्कि आसपास के ग्रामीण युवा भी विभिन्न खेलों का अभ्यास करते हैं। वर्तमान में यहां पर प्रतिदिन क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल इत्यादि खेलों के साथ-साथ बड़े स्तर युवा एथलेटिक्स गतिविधियां का भी निरंतर अभ्यास करते हैं। इसी खेल मैदान का नतीजा है कि यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवा राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं। इसके अलावा इसी खेल मैदान की बदौलत जोगिन्दर नगर क्षेत्र के सैंकड़ों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना, अर्ध सैन्य बलों तथा पुलिस विभाग में भर्ती होकर देश के लिए अपनीं बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में सुख की सरकार ने भी खेल व खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित करने के लिए जहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों की डाइट मनी के साथ-साथ यात्रा भत्ते में भी वृद्धि की है तो वहीं खेल छात्रावासों में रहने वाले खिलाडिय़ों की डाइट मनी को भी बढ़ाया है। साथ ही ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्यरत है। सरकार का यह प्रयास न केवल युवाओं को खेलों व खेल मैदान की ओर आकर्षित करने में कारगर सिद्ध हो रहा है बल्कि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से भी स्वयं को दूर रखने में कामयाब हो पा रहे हैं। सरकार के इन प्रयासों से न केवल युवा खेलों के माध्यम से भी भविष्य निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं बल्कि खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से युवाओं को बेहतरीन खेल सुविधाएं भी सुनिश्चित हो पा रही हैं। सरकार के इन्हीं प्रयासों का नतीजा है कि जोगिन्दर नगर खेल मैदान के विकास पर 34 लाख रुपये व्यय हो रहे हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी:
जोगिन्दर नगर खेल मैदान कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी का कहना है कि सरकार की ओर से खेल मैदान के विकास पर 34 लाख रुपये व्यय किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के माध्यम से खेल मैदान में सोलर लाइट्स, वाउंड्रीवॉल, ऑर्नामेंटल ग्रिल इत्यादि स्थापित करने पर यह धनराशि व्यय की जा रही है तथा वर्तमान में लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही खिलाडिय़ों को आने वाले समय में खेल प्रशिक्षण के लिए यहां बेहतरीन सुविधाएं सुनिश्चित होंगी। DOP 08/01/2025