Himdhaara Search This Blog

Showing posts with label वन मंडल जोगिन्दर नगर. Show all posts
Showing posts with label वन मंडल जोगिन्दर नगर. Show all posts

Wednesday, 24 July 2019

जोगिन्दर नगर वन मंडल में इस वर्ष 80 हैक्टेयर क्षेत्र में रोपे जाएंगे वन

विशेष पौधारोपण अभियान के तहत 65 हैक्टेयर क्षेत्रफल में नए पौधे रोपने का लक्ष्य   
हरित आवरण को बढ़ाने तथा नए पौधे लगाने के दृष्टिगत इस वर्ष जोगिन्दर नगर वन मंडल में लगभग 80 हैक्टेयर क्षेत्रफल में पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 20 से 24 जुलाई के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष पौधारोपण अभियान के अंतर्गत पूरे वन मंडल में लगभग 65 हैक्टेयर क्षेत्रफल में सामुदायिक भागीदारी से नए पौधे रोपित किए जाएंगे। इस अभियान का शुभारंभ मुख्य मंत्री जय राम ठाकुर ने 19 जुलाई को मंडी के पनारसा से राज्य स्तरीय वन महोत्सव का शुभारंभ करते हुए किया था।
इस विशेष पौधारोपण अभियान के तहत पूरे वन मंडल की सभी वन रेंज में सामुदायिक भागीदारी से पौधारोपण किया जा रहा है। जिनमें स्थानीय पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अतिरिक्त युवक एवं महिला मंड़लों, स्वयं सहायता समूहों व स्थानीय जन समुदाय के व्यापक सहयोग से निर्धारित लक्ष्य को पूर्ण किया जा रहा है। 24 जुलाई तक चलने वाले इस 5 दिवसीय विशेष पौधारोपण अभियान की मोबाइल ऐप्प के माध्यम से ऑनलाईन निगरानी की जा रही है। साथ ही जन भागीदारी को बढ़ाने के लिए पौधारोपण के दौरान सेल्फी लेने को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। वास्तव में बिना सामुदायिक भागीदारी से कोई भी लक्ष्य प्राप्त करना संभव नहीं होता है। ऐसे में पौधारोपण अभियान के माध्यम से न केवल जन समुदाय की समुचित भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है बल्कि इससे वनों के संरक्षण व रोपित पौधों की समुचित देखभाल को भी बल मिलेगा। इस विशेष पौधारोपण अभियान के दौरान देवदार, बान, आंवला, दाडू, जामुन, हरड़, बेहड़ा, खैर इत्यादि पौधे संबंधित वन रेंज की जलवायु के आधार पर रोपित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा सरकार की विद्यार्थी वन मित्र योजना के माध्यम से स्कूली बच्चों को वन व पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने तथा वनों से जोडऩे के लिए चयनित वन क्षेत्र में स्कूली बच्चों द्वारा पौधारोपण के साथ-साथ इनकी देखभाल भी सुनिश्चित बनाई जा रही है। जोगिन्दर नगर वन मंडल में राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिन्दर तथा नौहली स्कूलों के लिए क्रमश: आधा-आधा हैक्टेयर वन भूमि चिन्हित की गई है। चिहिन्त भूमि की बाड़बंदी तथा पौधे वन विभाग द्वारा मुहैया करवाए जा रहे हैं तथा पौधारोपण के साथ-साथ इनकी देखभाल का जिम्मा संबंधित स्कूल के बच्चों का है।
वर्तमान में जोगिन्दर नगर वन मंडल के अधीन कुल 25 हजार 775 हैक्टेयर क्षेत्रफल वनों के अधीन है। जिनमें जोगिन्दर नगर वन रेंज के तहत 6999 हैक्टेयर, उरला वन रेंज के अंतर्गत 5669, लड-भड़ोल वन रेंज के तहत 3091, कमलाह वन रेंज के तहत 1818, धर्मपुर वन रेंज के तहत 2172 जबकि टिक्कन वन रेंज के अंतर्गत 6024 हैक्टेयर क्षेत्रफल शामिल है।
क्या कहते हैं अधिकारी
सहायक वन अरण्यपाल जोगिन्दर नगर शशी किरण का कहना है कि प्रदेश सरकार ने गत वर्ष चले तीन दिवसीय विशेष पौधारोपण अभियान से प्रोत्साहित होकर इस वर्ष 5 दिवसीय विशेष अभियान चलाया है। जिसके तहत जोगिन्दर नगर वन मंडल में भी लगभग 65 हैक्टेयर क्षेत्रफल में जन भागीदारी से पौधा रोपण किया जा रहा है तथा इस वर्ष जोगिन्दर नगर वन मंडल में कुल 80 हैक्टेयर क्षेत्रफल में पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा वन विभाग के माध्यम से चलाई जा रही अन्य योजनाओं का भी बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित बनाया जा रहा है ताकि जहां हमारी अमूल्य वन संपदा सुरक्षित रहे तो वहीं पर्यावरण को भी साफ-सुथरा बनाए रखा जा सके। उन्होने ज्यादा से ज्यादा लोगों से पौधारोपण अभियान का हिस्सा बनने का आहवान् किया है।